हरिद्वार की बेटियों ने राष्ट्रीय खेलों के लिए होने वाली हॉकी प्रतियोगिता में अपनी जगह बना ली है। चयन समिति ने महिला हॉकी टीम में हरिद्वार की आठ खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है, जो प्रदेश के लिए पदक जीतने की पूरी तैयारी में हैं। प्रतियोगिता का आयोजन वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम, रोशनाबाद में 4 फरवरी से 13 फरवरी तक होगा, जिसमें उत्तराखंड की पुरुष और महिला टीम हिस्सा ले रही है।
महिला हॉकी टीम में हरिद्वार की कहकशा अली, ज्योति मेहरा, सलोनी पिलखवाल, खुशी कटारिया, मुस्कान कटारिया, प्रीति शर्मा, आरती कलूड़ा और पूजा कलूड़ा को शामिल किया गया है। खुशी कटारिया अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया की भतीजी हैं, जबकि मुस्कान कटारिया भी उनके गांव की रहने वाली हैं। श्यामपुर की आरती और पूजा कलूड़ा श्रीराम विद्या मंदिर श्यामपुर की छात्राएं हैं, जिनके कोच बलविंदर सिंह ने उम्मीद जताई है कि ये खिलाड़ी राज्य के लिए पदक जीतकर इतिहास रचेंगी।
पुरुष टीम में हरिद्वार से केवल विशाल कुमार का चयन हुआ है, जो गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के छात्र हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनके चयन पर खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।