हल्द्वानी: रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में 2 दिसंबर 2025 को होने वाली सुनवाई को देखते हुए नैनीताल पुलिस पूरी तरह सतर्क मोड पर है। निर्णय के उपरांत किसी भी तरह की कानून व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं।
1 दिसंबर को एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आईटीबीपी और सीआरपीएफ के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की। बैठक में श्री सजीत कुमार (डिप्टी कमांडेंट, आईटीबीपी), श्री जोगेश कुमार (असिस्टेंट कमांडेंट, सीआरपीएफ) और श्री मनमोहन सिंह (सहायक कमांडेंट, आईटीबीपी) मौजूद रहे।
बैठक के दौरान एसएसपी ने दोनों पैरामिलिट्री फोर्स और जिला पुलिस को हर स्थिति में तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
एसएसपी ने बताया कि आवश्यकतानुसार पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील किया जाएगा। अत्याधुनिक असलहों से लैस पैरामिलिट्री फोर्स, रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस को तैनात किया जाएगा। साथ ही पूरे क्षेत्र की ड्रोन सर्विलांस से निगरानी की जाएगी ताकि किसी भी गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, अव्यवस्था फैलाने या उपद्रव करने वाले तत्वों के खिलाफ सबसे कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
