नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को नैनीताल प्रवास के दौरान प्रशासनिक अकादमी में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रत्येक शिकायत पर संबंधित विभागों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान ग्राम सौड़ से पहुंचे ग्रामीणों ने पंगोट–देचौड़ी सड़क स्वीकृति पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों पुरानी उनकी सड़क निर्माण की माँग अब पूरी हो गई है, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा प्राप्त होगी।
ग्रामीणों ने राजकीय इंटर कॉलेज सौड़ में शिक्षकों की तैनाती और विद्यालय भवन निर्माण की मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कार्रवाई समीक्षा और जनसमस्याओं के निदान के बीच कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें विधायक सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, आयुक्त कुमाऊँ मंडल दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी. सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
