प्रतीकात्मक तस्वीर.
देहरादून: देहरादून की राजधानी में सोमवार सुबह बसंत विहार क्षेत्र के चाय बागान इलाके से सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां स्थानीय लोगों को एक प्लास्टिक का कट्टा संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। जब पुलिस ने कट्टा खोला तो अंदर से एक युवती का शव बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, शव कुछ ही घंटे पुराना प्रतीत हो रहा है। शरीर पर गंभीर चोट नहीं मिली, लेकिन युवती के मुंह से खून बहा था और हाथ-पैरों पर खरोंच के निशान थे। फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मौत के कारणों का पता पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
थाना बसंत विहार पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को किसने और कब वहां फेंका। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा होगा।
