रामनगर: हल्द्वानी–रामनगर राज्य मार्ग पर सोमवार सुबह बेलगढ़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब 11 बजे दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को 108 एम्बुलेंस की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार वेगनआर कार संख्या UK04X 5944 और स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UK14TA 8715 के बीच यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि वेगनआर कार रामनगर की ओर से आ रही थी, जबकि टैक्सी परमिट वाली स्विफ्ट डिजायर हल्द्वानी से रामनगर की ओर जा रही थी।
स्विफ्ट डिजायर के चालक विजय बिष्ट ने बताया कि वह हल्द्वानी से रामनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बेलगढ़ के पास सामने से आ रही वेगनआर कार ने तेज रफ्तार में एक बस को ओवरटेक करने की कोशिश की। ओवरटेक करते समय कार अनियंत्रित हो गई और सीधे उनकी कार से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। विजय बिष्ट ने बताया कि टक्कर के दौरान उनकी कार के एयरबैग खुल गए, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगने से बचाव हो गया। उन्होंने कहा कि अगर एयरबैग नहीं खुलते तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
हादसे में वेगनआर कार का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद रामनगर–हल्द्वानी राजमार्ग पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सुचारू कराया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
