हल्द्वानी: लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बेरी पड़ाव स्थित लक्ष्मी मंदिर के पास तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हिम्मतपुर चोमवाल निवासी कार्तिक कांडपाल सुबह लालकुआं की ओर जा रहा था। रास्ते में गांव की ही नेहा कांडपाल ने उससे लिफ्ट ली। बताया जा रहा है कि कच्चे रास्ते से हाईवे पर चढ़ते समय स्कूटी अचानक असंतुलित होकर फिसल गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर ने दोनों को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भयावह था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल युवती को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने डंपर को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है।
