रामनगर: कानिया चौराहे पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। शाम करीब साढ़े 7 बजे दो बाइकों के बीच आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक सड़क पर गंभीर हालत में गिर पड़े।
बताया जा रहा है कि सांवल्दे गांव के तीन युवक अमित उर्फ दिगंबर (19 वर्ष), भास्कर (21 वर्ष) और उमेश (21 वर्ष)—एक ही बाइक पर सवार होकर रामनगर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान दूसरी ओर से पाटकोट निवासी पंकज (40 वर्ष) अपनी बुलेट बाइक से आ रहा था। जैसे ही दोनों वाहन कानिया चौराहे के पास पहुंचे, आमने-सामने की टक्कर हो गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को रामनगर के रामदत्त संयुक्त अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अमित उर्फ दिगंबर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य तीनों घायलों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कानिया चौराहे पर ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए और सुरक्षा उपाय बढ़ाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
