रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में सोमवार शाम 12 जनवरी को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हल्द्वानी रोड पर गैबुआ गांव के पास बाइक और कार की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, उधम सिंह नगर जिले के बाजपुर थाना क्षेत्र के कनोरी गांव निवासी राकेश, सचिन और सनी एक ही बाइक पर सवार होकर रामनगर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गैबुआ गांव के पास सामने से आ रही कार से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने राकेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि सचिन और सनी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेज दिया गया।
घटना की खबर मिलते ही मृतक और घायलों के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां रो-रोकर उनका बुरा हाल है। पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
