नैनीताल: कैंचीधाम के पास शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। एक होटल में बैठे कुछ लोगों के बीच बातचीत के दौरान लाइसेंसी हथियार से अचानक गोली चल गई, जिससे मौके पर मौजूद होटल कर्मचारी की मौत हो गई।
घटना बेतालघाट निवासी 36 वर्षीय टैक्सी चालक आनंद सिंह की है, जो होटल में मौजूद था। बताया जा रहा है कि हथियार की खींचातानी के दौरान एक्सिडेंटल फायर हुआ और गोली सीधे आनंद के गले में जा लगी। गंभीर रूप से घायल आनंद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में लग गई। जांच में पता चला कि यह हथियार रमेश किरौला के नाम पर लाइसेंसशुदा है, जिनके बच्चों को आनंद स्कूल ले जाया करता था।
एसपी क्राइम जगदीश चंद्र ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सैंपल इकट्ठा कर लिए हैं और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने हथियार बरामद कर लिया है और अब घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि गोली दुर्घटनावश चली या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
