प्रतीकात्मक तस्वीर
हरिद्वार: हरिद्वार ज़िले से दिल दहला देने वाली घटनाएं सामने आई हैं, जिन्होंने मानवता को झकझोर कर रख दिया है। घटना सिडकुल थाना क्षेत्र की है, जहां एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलस गई। पीड़िता की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है और उसे देहरादून के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सिडकुल थाना क्षेत्र की इस दर्दनाक घटना में पीड़िता भारती के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मायके पक्ष का कहना है कि ससुरालियों ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पीड़िता के भाई जयप्रकाश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बहन भारती की शादी 27 अक्टूबर 2024 को आशीष नामक युवक से हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा।
परिजनों के अनुसार, कुछ सप्ताह पहले ही भारती ने एक बेटी को जन्म दिया था। इसके बाद ससुराल पक्ष का व्यवहार और अधिक क्रूर होता चला गया। 11 अक्टूबर की शाम, मायके पक्ष को सूचना मिली कि भारती को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की गई है। सूचना मिलते ही परिजन सिडकुल पहुंचे और पुलिस की मदद से उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
सिडकुल कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नितेश शर्मा और महिला उपनिरीक्षक मनीषा नेगी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। तहसीलदार की मौजूदगी में पीड़िता के बयान दर्ज किए गए। पुलिस ने पति आशीष, ससुर विजयपाल, सास, ननद और जेठ के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
राज्य महिला आयोग ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने पुलिस अधिकारियों से बात कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसएसआई देवेंद्र तोमर ने बताया कि आयोग को एफआईआर की प्रति भेज दी गई है और जांच जारी है।
