नैनीताल: उत्तराखंड में भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। पिछले चार दिनों से लगातार तेज धूप और उमस भरी गर्मी पड़ रही है, जिससे दिन में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सोमवार को भी पूरे दिन चटख धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।
हालांकि राहत की खबर यह है कि दो दिन बाद प्री-मानसून की बारिश शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 20 जून से पूरे उत्तराखंड में मानसून सक्रिय हो जाएगा।
पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि: 11 जून दोपहर तक गर्मी बनी रहेगी। 11 जून रात से मौसम में बदलाव शुरू होगा।12 से 14 जून तक प्री-मानसून की बारिश हो सकती है।20 जून को पूरे उत्तराखंड में मानसून पहुंचने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में हवा में 36% नमी दर्ज की गई है। पूर्वी हवाएं चलने से नमी में और इज़ाफा हो रहा है, जिससे उमस भी बढ़ गई है।
राज्य के मैदानी इलाकों में तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है:
हल्द्वानी: अधिकतम 39°C, न्यूनतम 28.6°C
देहरादून: अधिकतम 38.7°C, न्यूनतम 25.3°C
मुक्तेश्वर: अधिकतम 26.2°C, न्यूनतम 15.8°C
नैनीताल में सोमवार को तेज धूप के कारण तापमान में इज़ाफा हुआ।
अधिकतम तापमान: 30°C
न्यूनतम तापमान: 23°C
झील नियंत्रण कक्ष के प्रभारी रमेश गैड़ा के अनुसार, इस समय झील का जलस्तर 1 फीट ½ इंच है, जो पिछले साल से 1 इंच अधिक है।