हल्द्वानी: चोर शब्द सुनते ही दिमाग में नकारात्मक छवि बन जाती है, लेकिन नैनीताल जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया। यहां एक चोर ने स्कूटी चुराई, पूरे दिन उसे अपने पास रखा और फिर अगली सुबह वही स्कूटी वहीं पर खड़ी कर गया, जहां से उसने उसे उठाया था।
मामला लालकुआं कोतवाली क्षेत्र का है। यहां मुकेश पाठक नाम के व्यक्ति ने 17 अगस्त को अपने घर के बाहर स्कूटी खड़ी की थी। दिनदहाड़े चोर आया और स्कूटी लेकर चला गया। मुकेश ने तुरंत 112 नंबर पर सूचना दी और पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक स्कूटी के आसपास घूमता और फिर उसे चुराकर ले जाता हुआ दिखा।
परिवार मायूस था और पुलिस स्कूटी तलाश रही थी, लेकिन 18 अगस्त की सुबह सभी तब हैरान रह गए जब चोर तड़के करीब 3:09 बजे स्कूटी उसी जगह वापस खड़ा कर गया। यह पूरी घटना भी सीसीटीवी में कैद हो गई। स्कूटी मिलते ही मालिक के चेहरे पर खुशी लौट आई, मगर सवाल यह खड़ा हो गया कि आखिर चोर ने स्कूटी चुराई क्यों और फिर लौटाई क्यों?
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की वारदातें हो रही हैं और पुलिस कई मामलों का अब तक खुलासा नहीं कर पाई है। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग कह रहे हैं कि यह अनोखा चोर भले ही ईमानदार निकला, लेकिन सवाल तो यही है कि चोरी की वारदातें दिनदहाड़े कैसे हो रही हैं और पुलिस की गश्त पर सवाल क्यों खड़े हो रहे हैं।
