भवाली: भवाली में रविवार रात रोहित नामक युवक की होटल में करंट लगने के कारण मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजन और समर्थक शव लेकर होटल पहुँचे और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा और राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू भी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुँचे।
परिजनों और समर्थकों का आरोप है कि होटल संचालक ने रोहित को जबरन पेड़ पर चढ़ाया था, जिससे उसकी जान चली गई। विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि परिवार को न्याय मिलने तक शव नहीं उठाया जाएगा और होटल सील किए जाने की मांग की।
स्थानीय पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया। एसएसपी और जिला प्रशासन को घटना की जानकारी दी गई और कहा गया कि उचित कार्रवाई न होने पर मुख्यमंत्री से शिकायत की जाएगी।
परिवार ने बताया कि रोहित घर का इकलौता चिराग था और होटल संचालक की लापरवाही ने उसकी जान ले ली। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा।
