उधमसिंहनगर:: उधम सिंह नगर जिले के जवाहर नगर स्थित एक डिफेंस एकेडमी में कक्षा छह के छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कोचिंग संचालक ने छात्र को बुरी तरह पीटा, जिससे उसके कान में गंभीर चोट लग गई।
पीड़ित छात्र बिंदुखत्ता राजीव नगर प्रथम निवासी विनोद बिष्ट का 12 वर्षीय पुत्र जतिन बिष्ट है, जो सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए पिछले एक वर्ष से जवाहर नगर स्थित वी.जे. डिफेंस एकेडमी में पढ़ाई कर रहा था।
विनोद बिष्ट ने पंतनगर थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 16 सितंबर की शाम लगभग साढ़े चार बजे उनका बेटा कोचिंग क्लास गया था। इसी दौरान किसी बात पर संचालक विकास जोशी ने उसे नौ थप्पड़ जड़ दिए, जिससे उसके कान में गंभीर चोट आई। घटना के बाद छात्र को हल्द्वानी बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चोट गंभीर बताई।
पीड़ित पिता का कहना है कि इस घटना से उनका पुत्र बेहद भयभीत है और उसकी पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की पिटाई से बच्चे को स्थायी नुकसान हो सकता था।
इस मामले में उन्होंने कोचिंग संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पंतनगर कोतवाल नंदन रावत ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है।

