हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के इन्द्रानगर से शनिवार सुबह एक 11 वर्षीय मासूम बच्चे के लापता होने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बच्चे के पिता ने थाने में तहरीर देकर पुलिस से बेटे की तलाश की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, इफ्तेकार अहमद पुत्र निहाल अहमद, निवासी इन्द्रानगर (निकट इंटर कॉलेज, थाना बनभूलपुरा) ने बताया कि उनका बेटा मोहम्मद उजैर (उम्र करीब 11 वर्ष) 20 सितंबर 2025 की सुबह करीब 9:30 बजे घर से बिना बताए निकल गया और फिर लौटकर नहीं आया। परिवार और रिश्तेदारों ने हर जगह तलाश की, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला।
लापता मासूम मोहम्मद उजैर का हुलिया इस प्रकार बताया गया है: रंग गोरा, लंबाई लगभग 4 फुट, काले रंग का कुर्ता-पजामा और पैरों में चप्पल पहने हुए। परिजनों की चिंता लगातार बढ़ रही है और पिता ने कहा कि वे बेहद परेशान हैं और पुलिस की मदद से ही अपने बेटे को पा सकते हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू कर दी है। हल्द्वानी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को इस बच्चे के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत बनभूलपुरा थाना या मोबाइल नंबर 9358864112, 9639207452 पर संपर्क करें।
