हल्द्वानी: नैनीताल रोड पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सरस मार्केट के पास तेज रफ्तार निजी बस ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के उजाला नगर निवासी वजीर अहमद (35) की मंगलपड़ाव में वाइंडिंग की दुकान है। बुधवार सुबह वजीर अपने बेटे को तिकोनिया स्थित एक निजी स्कूल छोड़कर लौट रहे थे। इसी दौरान सरस मार्केट के पास पीछे से आ रही एक निजी बस ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वजीर सड़क पर गिर पड़े और बस का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल अमरचंद शर्मा ने बताया कि फरार बस चालक की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन की पहचान की जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
