हल्द्वानी: बनभूलपुरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के सिर पर ईंट से कई बार हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद महिला लहूलुहान होकर गिर गई। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान महिला के सिर का भेजा बाहर आ गया।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने महिला को पति के चंगुल से छुड़ाकर सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। फिलहाल आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शक के चलते आरोपी ने पत्नी पर हमला किया। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही दंपती का बेटा गोला पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर चुका था, जिसके बाद दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था।
क्षेत्राधिकारी नितिन लोहनी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
