हल्द्वानी: काठगोदाम रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। नैनीताल रोड पर गलत दिशा से आ रही रोडवेज बस ने स्कूटी सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी डिवाइडर से जा भिड़ी और दोनों युवक बस व डिवाइडर के बीच फंस गए।
घायल युवक उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के निवासी अंकित कुमार और रमेश गुप्ता बताए जा रहे हैं। दोनों ने हल्द्वानी से किराये पर स्कूटी ली थी और कैंची धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया।
दोनों घायलों को नैनीताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अंकित को मामूली चोटें आई हैं, जबकि पीछे बैठे रमेश को गंभीर चोटें लगी हैं। स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस के अनुसार, बस काठगोदाम डिपो की थी और गलत दिशा से जा रही थी। हादसे के बाद चालक को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में चालक ने दावा किया कि बस के ब्रेक फेल हो गए थे, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। फिलहाल बस की तकनीकी जांच कराई जा रही है।
थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि घायल पक्ष की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
