किच्छा (उधमसिंह नगर)। उत्तराखंड में अपराधियों के हौसले इस वक्त सातवें आसमान पर नजर आ रहे हैं। नैनीताल जिला पंचायत चुनाव में अपहरण और अराजकता का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि पड़ोसी जिले उधमसिंह नगर में सोमवार, 18 अगस्त को एक बड़ा हत्याकांड हो गया। किच्छा तहसील के ग्राम दरऊ में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान और भाजपा नेता गफ्फार खान के 25 वर्षीय भतीजे अलीम की 20 से ज्यादा हथियारबंद लोगों ने घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर राइफल, पिस्तौल और बंदूक से लैस होकर दोपहर के समय गफ्फार खान के घर में घुसे और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। अलीम को कई गोलियां लगीं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिवार का आरोप है कि यह हमला चुनावी रंजिश और पुरानी दुश्मनी का नतीजा है। बताया जा रहा है कि हाल ही में पंचायत चुनाव में हारने के बाद विपक्षी पक्ष लगातार गफ्फार खान और उनके परिवार को निशाना बना रहा था। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई, दुकानें बंद हो गईं और लोग घरों में दुबक गए।
पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को छावनी में बदल दिया। घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए गए हैं। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद और रंजिश को लेकर यह वारदात हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने इस घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि गफ्फार खान को प्रधान चुने जाने के बाद से ही विरोधी पक्ष उन्हें और उनके परिवार को लगातार परेशान कर रहा है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
फिलहाल किच्छा में तनाव का माहौल है और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
