मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में देहरादून के युवक की जान चली गई। युवक पहाड़ी मार्ग पर स्कूटी खड़ी कर खाई के पास खड़े होकर सेल्फी ले रहा था, इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि रेस्क्यू में पुलिस और स्थानीय लोगों को पांच घंटे से अधिक समय लग गया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक रजत रंजन सक्सेना पुत्र राजेंद्र नारायण सक्सेना, निवासी अमवाला मंजाला, देहरादून स्कूटी संख्या UK 07 AH 2325 से मसूरी होते हुए वापस लौट रहा था। रास्ते में उसने एक पहाड़ी सड़क किनारे स्कूटी खड़ी की और खाई के पास जाकर फोटो लेने लगा। तभी उसका पैर फिसल गया और वह सीधे गहरी खाई में गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची। खाई गहरी और दुर्गम होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बाद में उसे उप जिला चिकित्सालय मसूरी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि पहाड़ी इलाकों में सतर्कता बरतें और खतरनाक स्थानों पर सेल्फी लेने से बचें। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ों में लापरवाही और सेल्फी के बढ़ते जुनून के खतरों की याद दिलाता है।
