गंगोलीहाट: गंगोलीहाट तहसील के ग्राम खेतीगांव तोक बोकटी से नवविवाहिता बहु के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। चंद्रशेखर सिंह पुत्र स्वर्गीय गोपाल सिंह ने कोतवाली गंगोलीहाट में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी बहु ज्योति (पत्नी विक्रम सिंह खड़ायत, निवासी ग्राम बस्तोडी तोक रानीखेत, तहसील डीडीहाट) 17 सितंबर 2025 की रात करीब 10 बजे के बाद घर से गायब हो गई।
परिजनों ने बताया कि अगली सुबह बिस्तर पर एक पत्र मिला, जिसमें ज्योति ने लिखा था कि वह अब इस घर में वापस नहीं आएगी। जानकारी के अनुसार, ज्योति का विवाह 4 जून 2025 को हिन्दू रीति-रिवाज से विक्रम सिंह खड़ायत के साथ हुआ था। उसका पति वर्तमान में हैदराबाद के एक होटल में कार्यरत है और वहीं पर रह रहा है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि ज्योति अपने साथ करीब 6 तोला सोना और 15 हजार रुपये नकद लेकर गई है। साथ ही शक जताया जा रहा है कि वह किसी अन्य युवक के साथ प्रेम प्रसंग के चलते घर छोड़कर गई हो सकती है।
चंद्रशेखर सिंह ने पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
