उत्तराखंड: त्योहारों के मौसम की शुरुआत में आम लोगों को गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर झटका लगा है। बुधवार, 1 अक्टूबर 2025 को ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं।
अक्टूबर महीने की पहली तारीख से ही उपभोक्ताओं को महंगाई का झटका लगा है। तेल कंपनियों ने बुधवार सुबह कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए। 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमत 15 रुपये बढ़ाकर 1595 रुपये कर दी गई है, जबकि पहले यह 1580 रुपये में उपलब्ध था। इसी तरह कोलकाता में दाम 1684 रुपये से बढ़कर 1700 रुपये, मुंबई में 1531 रुपये से बढ़कर 1547 रुपये और चेन्नई में 1738 रुपये से बढ़कर 1754 रुपये कर दिए गए हैं।
हालांकि राहत की बात यह है कि घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कंपनियों ने अप्रैल के बाद से अब तक घरेलू सिलेंडर की कीमतों को स्थिर रखा है। वर्तमान में दिल्ली में 14 किलो वाला सिलेंडर 853 रुपये, कोलकाता में 879 रुपये, मुंबई में 852.50 रुपये और चेन्नई में 868.50 रुपये में मिल रहा है।
पिछले तीन महीनों से लगातार कमर्शियल सिलेंडर के दामों में कमी की जा रही थी। सितंबर में 51.50 रुपये, अगस्त में 33.50 रुपये और जुलाई में 58 रुपये तक दाम घटाए गए थे। लेकिन इस बार फेस्टिव सीजन की शुरुआत में ही उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डालते हुए दाम बढ़ा दिए गए हैं।
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ने का सीधा असर होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट के खर्चों पर पड़ेगा। इससे आम लोगों के लिए बाहर खाना महंगा हो सकता है।
