रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के कोतवाली क्षेत्र स्थित सामिया लेक सिटी में एक बार फिर सनसनी फैल गई है। देर रात एक युवक द्वारा दोपहिया वाहनों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की घटना से कॉलोनी में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आरोपी उसी सोसाइटी में रहता है और उस पर तीन दिन पहले ही छेड़छाड़ व जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया था।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी युवक पहले भी दिल्ली में हत्या के मामले में जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर है। बीती रात आरोपी ने कॉलोनी गेट के पास खड़े दोपहिया वाहनों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। हालांकि गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना में तीन वाहनों को आंशिक नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने आग लगाने के दौरान सुरक्षाकर्मियों के साथ हाथापाई भी की और मौके से अपनी कार में फरार हो गया।
कुछ दिन पहले भी आरोपी ने कॉलोनी की एक महिला के घर में घुसकर छेड़छाड़ और जबरदस्ती करने की कोशिश की थी। महिला के शोर मचाने पर लोग इकट्ठा हो गए थे, जिसके बाद आरोपी भाग निकला था। महिला ने जब अपने पति के साथ कोतवाली जाकर शिकायत दर्ज कराई तो आरोपी ने उन्हें रास्ते में रोककर तमंचा दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।
घटनाओं की श्रृंखला से नाराज कॉलोनीवासियों ने एसएसपी उधम सिंह नगर से मुलाकात कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व सोसाइटी अध्यक्ष कुंदन सिंह राठौर ने बताया कि पुलिस प्रशासन ने उन्हें आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
