हल्द्वानी : हल्द्वानी की रहने वाली दो बहनों ने देहरादून में नौकरी दिलाने के बहाने बंधक बनाकर मानसिक उत्पीड़न करने और 38,500 रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। पीड़िताओं की शिकायत पर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने मंगलवार को 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, छोटी बहन 15 जुलाई को देहरादून की न्यूविजन शॉपर्स लाइफस्टाइल प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी में नौकरी के लिए पहुंची थी। आरोप है कि उसे 21 अगस्त तक कंपनी में बंधक बनाकर रखा गया और झूठे वादों के जरिए 38,500 रुपये वसूले गए।
इसी दौरान बड़ी बहन को भी नौकरी का लालच देकर बुलाया गया और 20,000 रुपये वेतन पर बिलिंग का काम देने का झांसा दिया गया। बड़ी बहन 18 अगस्त को देहरादून पहुंची और कंपनी की महिला कर्मचारियों के साथ रुकी। यहां उससे भी 3,000 रुपये किराए व रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर वसूले गए।
इसके बाद हर दिन सुबह 8 से शाम 4 बजे तक एक कथित क्लास में बैठने के लिए मजबूर किया गया, जिसका कोई वास्तविक औचित्य नहीं था।
इन लोगों पर केस दर्ज
पुलिस ने पवन पांडे, ईश्वर पांडे, नयन टम्टा, कृष्णा टम्टा, गणेश मेहरा, प्रदीप जलाल, बबीता जोशी, किरण टम्टा, दीक्षा पांडे, शीतल अधिकारी और चंदू पांडे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में नौकरी का झांसा देकर ठगी और धमकी देने के साक्ष्य मिले हैं, हालांकि बंधक बनाए जाने की पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है।
