चमोली: जिले के थराली ब्लॉक स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जूनिधार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में स्कूल ड्रेस पहने एक छात्र हाथ में पाइप लेकर शिक्षक की गाड़ी धोता नजर आ रहा है। वहां से गुजर रहे एक युवक ने यह पूरा दृश्य कैमरे में कैद किया और शिक्षक से सवाल भी किए। मामला चमोली जनपद के थराली विकासखंड के गोठिण्डा जूनिधार उच्च प्राथमिक विद्यालय का बताया जा रहा है
मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) चमोली, धर्म सिंह रावत ने बताया कि विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक घनश्याम तिवाड़ी को गंभीर आरोपों के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। फिलहाल उन्हें उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय, थराली से संबद्ध किया गया है और इस अवधि में उनकी उपस्थिति वहीं दर्ज होगी। साथ ही, बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ना प्रतिबंधित रहेगा। घटना की जांच उप शिक्षा अधिकारी थराली को सौंपी गई है, जिन्हें एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट पेश करनी होगी।
वीडियो में देखा गया कि एक छात्र गाड़ी धो रहा है और युवक द्वारा सवाल पूछे जाने पर शिक्षक सफाई देने और माफी मांगते हुए नजर आते हैं। हालांकि, गाड़ी वास्तव में उसी शिक्षक की है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
इस घटना ने एक बार फिर से राज्य की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस जगह बच्चों को शिक्षा और संस्कार दिए जाने चाहिए, वहां उनसे निजी काम करवाना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है बल्कि चिंताजनक भी है।
