हल्द्वानी: एमबी इंटर कॉलेज परिसर में भव्य सरस मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया है। 10 दिवसीय इस मेले में देशभर के विभिन्न राज्यों के मुख्य उत्पादों की प्रदर्शनी और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। देशभर से 251 उद्यमी इस मेले में अपने-अपने राज्यों के प्रसिद्ध उत्पादों की प्रदर्शनी लगा रहे हैं। यहां विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पाद भी लोगों के लिए उपलब्ध हैं, जो ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देंगे। मेले में वायर-सेलर मीट का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे व्यापारियों को अपने उत्पादों को बाजार में बढ़ावा देने का मौका मिलेगा। इसके अलावा, कुमाऊं की पारंपरिक ऐपण कला को प्रमोट करने के लिए विशेष फैशन शो का भी आयोजन किया जाएगा। हर शाम रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रख्यात लोक गायिका कमला देवी, पहाड़ी और पंजाबी सिंगर अपनी टीम के साथ शानदार परफॉर्मेंस देंगे। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से इस मेले में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की है। साथ ही, उन्होंने देशभर से आए विभिन्न उत्पादों और स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों को देखने और समर्थन देने का आग्रह किया है।
