नेपाल के कंचनपुर स्थित चांदनी डांस बार में चार भारतीय युवकों को पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया है। नेपाल पुलिस ने उनके वाहन को भी जब्त कर लिया है और अन्य साथियों की तलाश जारी है।
कंचनपुर जिला पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता उमेश जोशी के अनुसार, भीमदत्त नगरपालिका-6 एंठपुर स्थित डांस बार में भारतीय युवकों ने अचानक कुछ नेपाली नागरिकों पर पिस्टल तान दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए युवकों से नेपाल पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। उनके नेपाल आने के मकसद और घटना के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय नागरिक हथियार लेकर नेपाल कैसे पहुंचे।
घटना ने अंतरराष्ट्रीय सीमा सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हथियारों के साथ सीमा पार करने में किसकी लापरवाही थी। नेपाल पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।चांदनी डांस बार में विवाद की वजह क्या थी, इस पर भी पुलिस ध्यान दे रही है। घटना ने कंचनपुर में हलचल मचा दी है, और स्थानीय लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।