हल्द्वानी: सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ज्योति अधिकारी को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें रिमांड मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए।
ज्योति अधिकारी पर कुमाऊं की सामाजिक और सांस्कृतिक भावनाओं को आहत करने के आरोप हैं। आरोप है कि उन्होंने सार्वजनिक रूप से दिए गए बयानों में कुमाऊं की महिलाओं को “नाचने वाली” कहा और लोक देवताओं को फर्जी बताते हुए उनके अस्तित्व पर सवाल खड़े किए। इसके अलावा सोशल मीडिया पर खुलेआम दराती लहराने का मामला भी उनके खिलाफ दर्ज किया गया है।
गुरुवार शाम मुखानी थाना पुलिस ने सामाजिक कार्यकर्ता जूही चुफाल की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के आधार पर ज्योति अधिकारी को गिरफ्तार किया था। पुलिस का कहना है कि उनके बयानों के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया था और कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई थी।
फिलहाल ज्योति अधिकारी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को उनके अधिवक्ता की ओर से जमानत याचिका दाखिल की जा सकती है।
