मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने नैनीताल जिले के भ्रमण के दौरान भवाली रातिघाट बाईपास, नव निर्मित भवाली बाईपास, कैंचीधाम मंदिर में चल रहे निर्माण कार्यों और नैनीताल मालरोड में भू धसाव रोकथाम हेतु कराए जा रहे सुरक्षा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से सभी परियोजनाओं की प्रगति और बजट उपयोग की जानकारी भी ली।
मुख्य सचिव ने कहा कि पर्यटन सीजन से पहले भवाली-रातिघाट बाईपास को पूरी तरह चालू किया जाएगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वैकल्पिक मोटर पुल और सुरक्षा दीवारों का निर्माण तेजी से कराए जाए ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके और श्रद्धालुओं व आम नागरिकों को किसी तरह की असुविधा न हो।
भवाली से सैनिटोरियम तक के 18.15 किलोमीटर बाईपास में से 8 किलोमीटर मार्ग का निर्माण पूर्ण हो चुका है और यातायात सुचारू है। शेष 10.15 किलोमीटर मार्ग में पहाड़ कटिंग का कार्य पूरा हो चुका है, और 9.81 करोड़ रुपये की धनराशि से कलमठ और सुरक्षा दीवारों का निर्माण तेज़ी से चल रहा है।
मुख्य सचिव ने 30 मीटर स्पान वाले डबल लेन मोटर पुल का भी निरीक्षण किया, जिससे भवाली बाजार और आसपास के क्षेत्रों में जाम से निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि कैंचीधाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, इसलिए बाईपास और सड़क मार्ग का विकास प्राथमिकता से किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त उन्होंने मानस खंड मंदिर माला मिशन के तहत बहुमंजिला कार पार्किंग, मेडिटेशन सेंटर, पाथवे और पैदल सेतु के निर्माण तथा स्वदेश दर्शन योजना के तहत फैसिलिटेशन सेंटर के कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को पार्किंग व्यवस्था, वाहनों की प्रवेश-निकासी और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान मुख्य सचिव ने लोअर माल रोड में 2018 में हुई क्षति की मरम्मत और झील की ओर भू-धसाव रोकने के लिए 3.48 करोड़ रुपये की लागत से किए जा रहे सुरक्षा और सड़क सुधार कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी विभागों को कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर आयुक्त कुमाऊं, सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे, मुख्य अभियंता सिंचाई संजय कुमार शुक्ला, अधीक्षण अभियंता लोनिवि मनोहर सिंह धर्मशक्तू, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलीक, मोनिका सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
