देहरादून। प्रदेश में लगातार बारिश के बाद आपदा जैसी स्थिति बनी हुई है। चमोली जिले के नंदानगर क्षेत्र में बादल फटने से बड़ी तबाही मची है। इस घटना के बाद 10 लोग लापता बताए जा रहे हैं और कई घर मलबे में दब गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इसके लिए वे राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून पहुंचे और आपदा कंट्रोल रूम से रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री धामी ने नंदानगर घाट क्षेत्र में हुई अतिवृष्टि से हुए नुकसान पर दुख जताते हुए कहा कि स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। उन्होंने प्रभावितों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, घायलों को समुचित उपचार देने और आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इसके बाद सीएम धामी ने शासकीय आवास पर बैठक कर आपदा राहत कार्यों की समीक्षा की और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों व जिलाधिकारी से फोन पर बात कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग को प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करने और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
चमोली जिले के धुर्मा और आसपास के क्षेत्रों में प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्यों में लगी हुई हैं। जिलाधिकारी संदीप तिवारी और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार खुद पैदल मार्ग पार कर घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद और सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
