नैनीताल: रुद्रपुर से घूमने आए 12वीं कक्षा के एक छात्र के चीना पीक क्षेत्र में देर रात लापता होने से हड़कंप मच गया। छात्र के दोस्तों द्वारा पुलिस को दी गई जानकारी के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम पूरी रात घने जंगलों में उसकी तलाश करती रही, लेकिन बुधवार सुबह तक छात्र का कोई सुराग नहीं लग पाया था।
मिली जानकारी के अनुसार रुद्रपुर निवासी जयश कार्की, जो इंटरमीडिएट का छात्र है, मंगलवार को अपने पांच दोस्तों के साथ नैनीताल घूमने आया था। शाम को सभी मित्र चीना पीक और कैमल्स बैक क्षेत्र की ओर ट्रैकिंग के लिए गए। समूह के तीन दोस्त चीना पीक की ओर और दो कैमल्स बैक की तरफ चले गए। बताया जा रहा है कि लौटते समय जयश कानों में ईयरफोन लगाकर गाने सुनते हुए अपने दोस्तों से आगे निकल गया।
जब बाकी साथी वापस गेट के पास पहुंचे, तो जयश वहां नहीं मिला। दोस्तों ने उसे फ़ोन करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। कुछ देर तक खुद तलाश करने के बाद जब जयश का कोई पता नहीं चला, तो दोस्तों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रातभर चीना पीक के घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया। रातभर की खोज के बावजूद छात्र का कोई पता नहीं चल सका।
एसएसआई दीपक बिष्ट ने बताया कि बुधवार सुबह भी तलाश अभियान जारी है और टीम लगातार क्षेत्र को खंगाल रही है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि जल्द ही छात्र का पता लगा लिया जाएगा।
