देहरादून: अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। इस मामले में सीबीआई की दिल्ली स्पेशल क्राइम ब्रांच (शाखा-2) ने दिल्ली में एक अज्ञात वीआईपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सोमवार को सीबीआई की टीम जांच के सिलसिले में देहरादून और ऋषिकेश पहुंची, जहां सबूत जुटाने और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में मुख्य आरोपी पुलकित आर्या सहित तीनों आरोपियों को उम्रकैद की सजा हो चुकी है, लेकिन वीआईपी से जुड़ा मामला अब तक साफ नहीं हो पाया है। इसी वजह से यह केस लगातार चर्चा में बना हुआ है। वीआईपी के नाम को लेकर सियासत भी तेज है, लेकिन अब तक उसका खुलासा नहीं हुआ है।
इस बीच पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी और अभिनेत्री उर्मिला सनावर द्वारा फेसबुक पर जारी एक वीडियो ने मामले को और तूल दे दिया था। वीडियो में उन्होंने सुरेश राठौर से हुई कथित फोन बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग सुनाई थी, जिसमें अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र बताया गया। इसके बाद प्रदेश की राजनीति में उबाल आ गया और वीआईपी को लेकर सवाल उठने लगे। कांग्रेस ने इसे मुद्दा बनाते हुए प्रदेशभर में प्रदर्शन किए।
मामले को लेकर कई संगठनों ने भी धरना-प्रदर्शन किया और सीबीआई जांच की मांग की गई। इसके बाद 9 जनवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीबीआई जांच की संस्तुति दी थी। अब सीबीआई की स्पेशल क्राइम ब्रांच ने कथित वीआईपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान डिजिटल साक्ष्य, बैंक लेनदेन, कॉल डिटेल, वायरल ऑडियो-वीडियो, गवाहों के बयान और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की जाएगी।
