मसूरी: आईटीबीपी के एक जवान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक जवान की पहचान कांस्टेबल चेतराम मीणा (38) के रूप में हुई है, जो यूनिट 14 पिथौरागढ़ में तैनात थे और करीब दो महीने पहले ही मसूरी ड्यूटी पर आए थे।
जानकारी के अनुसार चेतराम मीणा, पुत्र राम फल मीणा, मूल रूप से ग्राम भौबता, पोस्ट बसवा, जिला दौसा (राजस्थान) के निवासी थे। उन्होंने अपने कमरे की खिड़की के कुंडे में नायलॉन की रस्सी से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही आईटीबीपी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने वीडियोग्राफी कर शव को नीचे उतारा और अस्पताल भिजवाया।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि जवान इससे पहले जुलाई 2025 में पिथौरागढ़ में भी आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और आईटीबीपी प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और जवान के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
