नैनीताल: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मंगलवार को कार्यालय सभागार कक्ष, नैनीताल में अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में निर्माणाधीन प्रमुख परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्वक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जमरानी बांध परियोजना, सैनिटोरियम–भवाली–कैंचीधाम बाईपास सड़क, तथा मानस खंड मंदिर माला योजना के तहत नैना देवी मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा
जमरानी बांध परियोजना, जिसका लक्ष्य जून 2029 तक पूर्ण होना है, की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने टनल निर्माण, पुनर्वास, भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण, नहरों एवं गूलों के सुधारीकरण, विद्युत लाइन बिछाने और सड़क सुधार कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
परियोजना के महाप्रबंधक महेश खरे ने बताया कि अब तक 800 मीटर टनल निर्माण पूर्ण कर लिया गया है और शेष कार्य तेजी से प्रगति पर है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रतिदिन के लक्ष्य के अनुसार कार्य की मॉनिटरिंग की जाए और सरकार की इस महत्वपूर्ण परियोजना को निर्धारित समय सीमा तक पूरा किया जाए।
उन्होंने भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण और पुनर्वास से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए एडीएम (वित्त एवं राजस्व), एसडीएम नैनीताल और परियोजना महाप्रबंधक को टीम के साथ गांवों में कैम्प लगाने के निर्देश दिए।
प्रभावित परिवारों की कॉलोनी निर्माण की प्रगति
किच्छा में बांध प्रभावित परिवारों के लिए निर्माणाधीन कॉलोनी के कार्यों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने भवनों के निर्माण में तेजी लाने को कहा।
अमृतपुर कैलाश द्वार से परियोजना स्थल तक सड़क सुधार
8 किलोमीटर सड़क के सुधारीकरण व डामरीकरण कार्य के दौरान भारी वाहनों के संचालन पर अस्थायी रोक लगाने की जरूरत पर चर्चा हुई। डीएम ने कुमाऊं मंडल विकास निगम, एसडीएम और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाकर तत्काल निरीक्षण कर 15 दिन के भीतर डामरीकरण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
32 केवी विद्युत लाइन निर्माण
विद्युत विभाग ने बताया कि ग्रामीणों के विरोध के कारण विद्युत लाइन बिछाने का कार्य बाधित है। इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर समस्या का समाधान कर कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
भवाली–सेनिटोरियम–कैंचीधाम बाईपास सड़क की समीक्षा
एलडीबी के अनुसार 18.02 किमी लंबी सड़क में से 8 किमी मार्ग का डामरीकरण पूर्ण, जबकि 10.2 किमी में कटिंग का कार्य पूरा हो चुका है। 74 मीटर स्पान वाले मोटर पुल की डीपीआर शासन को भेज दी गई है। जिलाधिकारी ने शीघ्र स्वीकृति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
कैंचीधाम क्षेत्र में निर्माण कार्य
कैंचीधाम मंदिर के निकट पार्किंग, पैदल पुल, पाथवे और ध्यान केंद्र निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। एलडीबी ने बताया कि 40 करोड़ की लागत वाली इस परियोजना का 45% कार्य पूर्ण हो चुका है।
नैना देवी मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण
मानस खंड मंदिर माला परियोजना के तहत नैना देवी मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों में से लगभग 80% कार्य पूर्ण हो चुका है। तल्लीताल–मल्लीताल के प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण व चौड़ीकरण की प्रगति भी संतोषजनक पाई गई।
अन्य निर्देश
जिलाधिकारी ने एनएच अधिकारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर कहीं भी गड्ढे या क्षतिग्रस्त सड़क न रहे, मरम्मत कार्य तुरंत किया जाए।
भवाली बाईपास के मोटर पुल निर्माण को भी शीघ्र पूर्ण कर संचालन में लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एडीएम प्रशासन विवेक राय, महाप्रबंधक जमरानी बांध परियोजना महेश खरे, उप महाप्रबंधक ललित कुमार, अभय पंत, अधिशासी अभियंता रत्नेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
