देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने वर्ष 2025-26 में आयोजित होने वाली समूह-ग भर्तियों का वार्षिक कार्यक्रम घोषित कर दिया है। आयोग ने विभिन्न विभागों में सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन प्रकाशित करने और परीक्षाओं की संभावित तिथियां तय कर दी हैं।
कार्यक्रम के अनुसार वन दरोगा के 124 पदों के लिए विज्ञापन 28 अक्तूबर 2025 को जारी होगा और परीक्षा पांच अप्रैल 2026 से होगी। वहीं सहायक समीक्षाधिकारी व वैयक्तिक सहायक की टंकण एवं आशुलेखन परीक्षा 17 नवम्बर 2025 से प्रस्तावित है। उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के सदस्य के 20 पदों के लिए साक्षात्कार 15 दिसम्बर 2025 से होंगे।
माध्यमिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक एलटी (विशेष शिक्षा शिक्षक) के 128 पदों हेतु विज्ञापन 12 सितम्बर 2025 को प्रकाशित होगा और परीक्षा 18 जनवरी 2026 से कराई जाएगी। इसी तरह विशेष तकनीकी योग्यता वाले 62 पदों का विज्ञापन 26 सितम्बर 2025 को निकलेगा और परीक्षा एक फरवरी 2026 से होगी।
वाहन चालक के 37 पदों के लिए विज्ञापन 15 अक्तूबर 2025 को आएगा और परीक्षा 22 फरवरी 2026 से होगी। इसके साथ ही कृषि इंटरमीडिएट एवं स्नातक योग्यता वाले 212 पदों के लिए विज्ञापन 31 अक्तूबर 2025 को प्रकाशित होगा और परीक्षा 15 मार्च 2026 से होगी। वहीं सहायक लेखाकार के 36 पदों का विज्ञापन 14 नवम्बर 2025 को आएगा और परीक्षा 29 मार्च 2026 से होगी। वाहन चालक का परीक्षण सात अप्रैल 2026 से प्रस्तावित है।
आयोग ने बताया कि सामान्य ग्रुप-सी के 386 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन पांच दिसम्बर 2025 को आएगा और परीक्षा 10 मई 2026 से होगी। इसी प्रकार आईटीआई, डिप्लोमा एवं डिग्री स्तर के 41 पदों का विज्ञापन 24 दिसम्बर 2025 को प्रकाशित होगा और परीक्षा 31 मई 2026 से आयोजित होगी।
विज्ञान विषय (इंटरमीडिएट व स्नातक) की योग्यता वाले चार पदों के लिए विज्ञापन सात जनवरी 2026 को आएगा और परीक्षा सात जून 2026 से होगी। वहीं स्नातक स्तर के 48 पदों का विज्ञापन 21 जनवरी 2026 को आएगा और परीक्षा 21 जून 2026 से कराई जाएगी। टंकण एवं आशुलेखन परीक्षा 30 जून 2026 से शुरू होगी।
आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम केवल प्रस्तावित है। अपरिहार्य परिस्थितियों में रिक्तियों की संख्या और परीक्षा तिथियों में बदलाव संभव है।
