नैनीताल: कैंचीधाम के समीप शुक्रवार देर रात एक रेस्टोरेंट में गोली लगने से टैक्सी चालक की मौत के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के आरोप में नामजद होटल स्वामी ने रविवार को भवाली कोतवाली में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।
घटना शुक्रवार रात की है, जब कैंचीधाम के पास स्थित एक रेस्टोरेंट में 36 वर्षीय आनंद सिंह, निवासी गडखेत (बेतालघाट), की गोली लगने से मौत हो गई थी। मृतक के भाई घनश्याम सिंह ने होटल स्वामी रमेश किरौला पर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं और कमरे को सील कर दिया गया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेजा गया। रविवार को मृतक के परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।
एसपी क्राइम जगदीश चंद्रा ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने जांच टीम गठित की है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
