नैनीताल:नैनीताल की प्रसिद्ध लेखिका और कवयित्री काजल चौधरी को उनके उत्कृष्ट लेखन के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। 27वें अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्हें ‘भारतीय नारी रत्न सम्मान 2025’ से सम्मानित किया जाएगा।पिछले वर्ष भी काजल चौधरी को दिल्ली में ‘नारी रत्न सम्मान’ से नवाजा गया था, और इस बार फिर से उन्हें लेखन क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए यह प्रतिष्ठित पुरस्कार दिया जा रहा है। अब तक वे 2000 से अधिक हिंदी और अंग्रेजी लेख विभिन्न प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित कर चुकी हैं।
उनकी अंग्रेजी कविताओं की पुस्तिका “तोशाली एंथॉलजी ऑफ़ द पोएट्री”, जिसे 2024 में तोशाली लिटरेचर फेस्टिवल, भुवनेश्वर (ओडिशा) द्वारा प्रकाशित किया गया, काफी चर्चा में रही है। काजल चौधरी को प्रकृति से जुड़ी कविताओं के लिए जाना जाता है, और कई विद्वान उन्हें रोमांटिक कवित्रियों में से एक मानते हैं।उनके लेखन में भौतिक, दार्शनिक, आध्यात्मिक, प्रेम, विरह और प्रकृति से जुड़े विषयों की गहरी झलक मिलती है। उनकी कविताएं और लेख पाठकों को भावनात्मक रूप से छू जाते हैं, और कई बार उनकी रचनाएं लोगों को भावुक तक कर देती हैं। काजल चौधरी की इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता, अधिवक्ता मित्रों और प्रशंसकों ने हर्ष व्यक्त किया है और उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दी हैं।