काठगोदाम/रानीबाग। लगातार हो रही बारिश से हुए भूस्खलन के कारण बाधित हुआ काठगोदाम-रानीबाग-भीमताल मार्ग आखिरकार आंशिक रूप से यातायात के लिए खोल दिया गया है। पुल पर मलबा आने से यह महत्वपूर्ण मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया था, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमों की तत्परता से अब पुराने पुल के जरिये छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है। हालांकि, सुरक्षा की दृष्टि से भारी वाहनों की एंट्री फिलहाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
पुलिस प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि मार्ग से गुजरते समय विशेष सतर्कता बरतें और अनावश्यक यात्रा से बचें। बरसात के मौसम में भूस्खलन और फिसलन की संभावना अधिक रहती है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही खतरनाक हो सकती है।
उधर, प्रशासन ने बताया कि मलबा हटाने का काम लगातार जारी है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
