रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम के लिए हेलिकॉप्टर सेवाएं लगातार पांचवें दिन भी ठप रहीं, जिससे सैकड़ों श्रद्धालु बैरंग लौटने को मजबूर हो गए। मौसम में सुधार के बावजूद बृहस्पतिवार को भी गुप्तकाशी, फाटा और शेरसी हेलिपैड से एक भी उड़ान संचालित नहीं हो सकी।
इन पांच दिनों में हेली सेवा ठप रहने के कारण 4500 से अधिक टिकट रद्द की जा चुकी हैं। यात्रा के पहले चरण से ही मौसम की अनिश्चितता के चलते हेलिकॉप्टर संचालन प्रभावित हो रहा है, जिसके चलते अब तक कुल 6000 से ज्यादा टिकट रद्द की जा चुकी हैं। कई यात्रियों ने हेली कंपनियों से संपर्क कर उड़ान की जानकारी मांगी, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
दिल्ली से आए जितेंद्र यादव, बड़ौदा के प्रतीक जैन और हैदराबाद के नितिन झा ने बताया कि उनकी बुकिंग 17 जून की थी, लेकिन हेलिकॉप्टर उड़ान न मिलने से उन्हें लौटना पड़ रहा है। वहीं लुधियाना के नीरज कुमार और दिल्ली के प्रताप कुशवाह ने बताया कि वे अब पैदल यात्रा करने को मजबूर हैं।
हेलिकॉप्टर सेवा के नोडल अधिकारी राहुल चौबे के अनुसार खराब मौसम के कारण लगातार तीसरे दिन हेली सेवा बंद रही। 2 मई से शुरू हुई केदारनाथ यात्रा के लिए 8 हेली कंपनियों को अनुमति दी गई थी। इनमें से कुछ कंपनियों के हेलिकॉप्टर अब वापस लौटने लगे हैं। बृहस्पतिवार को थंबी एविएशन का हेलिकॉप्टर वापसी कर चुका है और आशंका है कि आने वाले दिनों में अन्य कंपनियां भी वापसी कर सकती हैं।
हेली सेवा की अनिश्चितता ने यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम अपडेट और हेलिकॉप्टर सेवा की स्थिति की जानकारी के बाद ही यात्रा की योजना बनाएं।