नैनीताल: लोअर माल रोड में हो रहे भू-धंसाव को देखते हुए कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने गुरुवार को स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD), सिंचाई विभाग और अन्य अधिकारियों के साथ भू-धंसाव क्षेत्र, रैंप निर्माण व सड़क सुरक्षा कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि मालरोड का स्थायी ट्रीटमेंट जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न हो। उन्होंने सिंचाई विभाग को झील के चारों ओर क्षतिग्रस्त दीवारों की मरम्मत का प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि पहले भी 25 मीटर सड़क की मरम्मत के लिए वर्ष 2018 में लगभग ₹4 करोड़ की धनराशि मिली थी, जिससे कई कार्य पूरे हुए हैं। अब शेष हिस्से के लिए लोक निर्माण विभाग और टीएचडीसी मिलकर डीपीआर तैयार कर शासन को भेजेंगे।
भूवैज्ञानिकों की रिपोर्ट के अनुसार मालरोड में करीब 190 मीटर क्षेत्र में धंसाव हो रहा है। इसे देखते हुए आयुक्त ने निर्देश दिए कि स्थायी समाधान को प्राथमिकता में लेकर तुरंत कार्यवाही की जाए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मालरोड स्थित पुस्तकालय का भी जायजा लिया और क्षतिग्रस्त भवन की मरम्मत के लिए नगरपालिका को निर्देश दिए।
इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग पी.एस. बृजवाल, मुख्य अभियंता सिंचाई विभाग संजय शुक्ला, अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, भूवैज्ञानिक लेघराज समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।


