हल्द्वानी: कुमाऊं मंडल की सड़कें अब जल्द ही गड्ढामुक्त होने जा रही हैं। आयुक्त दीपक रावत ने शुक्रवार को कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में हुई समीक्षा बैठक में सभी निर्माण एजेंसियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि 31 अक्टूबर की तय समयसीमा के भीतर हर सड़क की मरम्मत पूरी की जाए।
बैठक के दौरान आयुक्त रावत ने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई और नगर निगमों के अधिकारियों से सड़कों की स्थिति को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में आमजन को दिक्कत न हो, इसके लिए दीपावली से पूर्व सभी मुख्य और आंतरिक सड़कों को पूरी तरह दुरुस्त कर दिया जाए।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि हर दिन की प्रगति रिपोर्ट फोटो सहित प्रस्तुत की जाए और किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न किया जाए। उन्होंने साफ कहा कि “यदि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा नहीं हुआ, तो संबंधित विभागीय अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
बैठक में मंडल के सभी जिलों की प्रगति का बिंदुवार ब्यौरा प्रस्तुत किया गया।
मुख्य अभियंता नैनीताल पी.एस. बृजवाल ने बताया कि
नैनीताल और उधमसिंह नगर में 343 किमी लक्ष्य में से 162 किमी सड़कें गड्ढामुक्त की जा चुकी हैं।
अल्मोड़ा क्षेत्र में 1027 किमी लक्ष्य के मुकाबले 480 किमी सड़कें सुधारी गई हैं।
पीएमजीएसवाई विभाग ने 635 किमी में से 102 किमी कार्य पूरा किया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने ज्यूलिकोट–भवाली, काशीपुर–रामनगर और नैनीताल मार्गों पर कार्य प्रगति में बताया।
नगर निगम हल्द्वानी की आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि निगम क्षेत्र में निर्धारित 25 किमी लक्ष्य के अंतर्गत 4 किमी सड़कें सुधारी जा चुकी हैं। वहीं यूयूएसडीए द्वारा 217 किमी में से 180 किमी सड़कों को गड्ढामुक्त किया गया है।
इसी प्रकार काशीपुर में 11.78 किमी में से 4.5 किमी, और रुद्रपुर में 10.77 किमी में से 1.5 किमी सड़कों पर सुधार कार्य पूरा हुआ है।
आयुक्त रावत ने सभी विभागों को “युद्धस्तर पर काम” करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक मशीनें लगाई जाएं, अतिरिक्त बजट की मांग शासन को भेजी जाए, और वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करें।
उन्होंने दो टूक कहा कि 31 अक्टूबर की समयसीमा अंतिम है इसके बाद किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में मुख्य अभियंता पीएमजीएसवाई मोहम्मद आरिफ खान, अधीक्षण अभियंता एनएच हरीश चंद्र पांगती, नगर आयुक्त ऋचा सिंह (हल्द्वानी), नरेश दुर्गापाल (रुद्रपुर), रविंद्र सिंह (काशीपुर) सहित सभी जनपदों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
