नैनीताल: जनपद नैनीताल को नया जिलाधिकारी मिल गया है। ललित मोहन रयाल ने मंगलवार को जिलाधिकारी नैनीताल के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाना उनकी शीर्ष प्राथमिकता होगी।
डीएम रयाल ने कहा कि शासन की योजनाओं और नीतियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पर्यटन व्यवस्था में सुधार, ट्रैफिक प्रबंधन को सुचारू बनाने और जनकार्य प्रक्रियाओं को सरल करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि नैनीताल आने वाले पर्यटकों को सुगम, सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ जनसमस्याओं का समाधान करें तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से क्रियान्वित करें।
कार्यभार ग्रहण के अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने नए जिलाधिकारी का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
