लालकुआं: स्टोन क्रशर से उपखनिज लेकर आ रहे एक कथित रूप से नशे में धुत ट्रक चालक ने लालकुआं प्रवेश द्वार से लेकर शहर तक आधा किमी में खड़े और सड़क पर चल रहे छह वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में अवंतिका कुंज देवी मंदिर के सामने ऑटो में सवार बजरी कंपनी निवासी देवकीनंदन पंत से जख्मी हो गए।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार की शाम हल्द्वानी की ओर से खनन सामग्री लेकर आ रहा 10 टायरा ट्रक जैसे ही अवंतिका कुंज देवी मंदिर के सामने पहुंचा कि उसने आगे आगे चल रहे ऑटो को साइड से मार दी जिस कारण ऑटो में सवार बजरी कंपनी के रहने वाले देवकीनंदन पंत मामूली रूप से जख्मी हो गये व अन्य किसी भी सवारी को चोट नहीं आई।
इसके बाद भी ट्रक नहीं रुका फ्लाइओवर पर ट्रक ने एक स्कॉर्पियो कार को भी जोरदार टक्कर मार दी जिसमें कार का एक टायर फट गया। आगे चलकर ट्रक ने एक अन्य कार व हाट बाजार के सामने टाटा की चारपहिया और बुलेट को भी शातिग्रस्त कर दिया । इससे मौके पर खलबली रही। गनीमत रही किसी को चोट नहीं आई लेकिन कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
इसी दौरान आसपास खड़े लोगों ने ट्रक को किसी तरह रुकवाया और घटना से गुस्स्याए लोगों चालक को पीट दिया। समय पर मौजूद लोगो के अनुसार चालक नशे में धुत्त था। इस दौरान हाईवे पर जाम लग गया। मौके पर पहुंचे लालकुआं कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक दीपक बिष्ट ने चालक को हिरासत में लेने के बाद ट्रक को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है।
