लालकुआं: बिंदुखत्ता क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। इंदिरा नगर द्वितीय में स्कूटी से जा रहे 26 वर्षीय युवक संतोष भट्ट की हादसे में मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार संतोष भट्ट, जो मूल रूप से बागेश्वर के रहने वाले थे, इन दिनों अपने रिश्तेदारों के यहां बिंदुखत्ता आए हुए थे। शनिवार देर रात करीब 11 बजे वह स्कूटी से लौट रहे थे। इसी दौरान इंदिरा नगर में दानू स्कूल के पास अचानक एक जानवर सड़क पर आ गया। उसे बचाने की कोशिश में स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई और संतोष सीधे सिर के बल सड़क पर जा गिरे।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल भिजवाया, लेकिन गंभीर चोट लगने के कारण रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि संतोष देहरादून की एक निजी कंपनी में काम करते थे और छुट्टी में अपने घर आए थे। इसी दौरान वह अपनी बहन से मिलने बिंदुखत्ता पहुंचे थे, लेकिन यह मुलाकात उनके जीवन की आखिरी साबित हुई।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
