लालकुआं : रेलवे स्टेशन की पिट लाइन में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मरम्मत के दौरान खड़ा जनरेटर और गार्ड कोच अचानक ढलान की ओर अपने आप चल पड़ा। यह कोच करीब 150 मीटर तक लुढ़कते हुए टर्नआउट के पास जाकर पटरी से उतर गया।
घटना सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। उस समय पिट लाइन में कोच की मरम्मत का काम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोच धीरे-धीरे खिसकना शुरू हुआ और देखते ही देखते रफ्तार पकड़ ली, जिससे मौके पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
कोच को रोकने के लिए रेल कर्मचारियों ने तुरंत पीछे दौड़ लगाई और व्हील चाक लगाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। कोच ढलान की ओर बढ़ता हुआ रनिंग रूम की दिशा में चला गया और अंततः पटरी से उतर गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के प्रशिक्षित कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कोच को दोबारा पटरी पर चढ़ाने का काम शुरू किया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और कोच को फिर से पटरी पर लाया गया।
स्टेशन अधीक्षक पुष्कर राणा के अनुसार, मरम्मत कार्य के दौरान कोच ढलान की ओर खिसक गया था, जिसे बाद में सुरक्षित तरीके से पटरी पर चढ़ाकर दुरुस्त कर दिया गया।
