हल्द्वानी। उत्तर प्रदेश भू-राजस्व अधिनियम, 1901 की धारा-48 के अंतर्गत शासन द्वारा 21 अगस्त 2025 को जारी अधिसूचना के क्रम में ग्राम जवाहर ज्योति, दमुवादूंगा (तहसील हल्द्वानी, जिला नैनीताल) में भूमि सर्वेक्षण एवं अभिलेख तैयार करने की प्रक्रिया (रिकॉर्ड ऑपरेशन) प्रारम्भ की जा रही है।
जिलाधिकारी नैनीताल की स्वीकृति मिलने के बाद यह कदम उठाया गया है। इस दौरान भूमि का उचित चिन्हांकन, नालों और ड्रेनेज मार्गों का संरक्षण, सार्वजनिक उपयोग हेतु आरक्षित भूमि की सुरक्षा तथा अवैध कब्जों और निर्माणों पर रोक लगाई जाएगी।
जारी आदेशों के अनुसार—
रिकॉर्ड ऑपरेशन पूरा होने तक नए निर्माण कार्य, भूमि का अतिक्रमण, क्रय-विक्रय या सीमांकन में किसी भी प्रकार का परिवर्तन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
संबंधित राजस्व उपनिरीक्षक और लेखपाल नियमित निरीक्षण करेंगे तथा किसी भी अवैध निर्माण या अतिक्रमण की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराएँगे।
स्थानीय पुलिस प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
आदेश के उल्लंघन पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भू-राजस्व अधिनियम, 1901, उत्तराखण्ड नगर निकाय अधिनियम और अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।
