
बागेश्वर जिले के कफौली गांव में एक तेंदुए का बच्चा घुस आने से हड़कंप मच गया। यह बच्चा कुत्ते से बचने के लिए एक घर की रसोई में घुस गया और वहां मौजूद मां-बेटी पर झपट पड़ा। इस घटना से घबराकर मां बेहोश हो गई। गनीमत रही कि पिता ने सूझबूझ दिखाते हुए तेंदुए के बच्चे को एक पेटी में बंद कर दिया और वन विभाग को सूचना दी।
सोमवार रात त्रिलोचन पांडेय के घर तेंदुए का बच्चा घुस आया। उनके पालतू कुत्ते ने बच्चे पर हमला कर दिया। बचने के लिए तेंदुए का बच्चा रसोई में जा घुसा, जहां कमला देवी (45) और उनकी बेटी विजया (16) खाना बना रही थीं।
तेंदुए का बच्चा विजया पर झपटा, जिससे वह डरकर बाहर भाग गई।,कमला देवी घबराहट में गिरकर बेहोश हो गईं। कुत्ते ने तेंदुए के बच्चे पर हमला किया, जिससे वह घायल हो गया पिता त्रिलोचन पांडेय ने तुरंत पेटी से उसे ढक दिया और वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रेंजर श्याम सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए के बच्चे को पकड़ लिया। रेंजर ने बताया कि तेंदुए का बच्चा कुत्ते के हमले में घायल हो गया है।
परिजनों ने बेहोश कमला देवी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि घबराहट के कारण उनके जबड़ों में दिक्कत आई थी। फिलहाल उनकी हालत में सुधार हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में तेंदुओं का आतंक बढ़ता जा रहा है। एक दिन पहले जजी परिसर में भी तेंदुए का बच्चा देखा गया था, जिसे वन विभाग ने पकड़ लिया था। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और तेंदुए के आतंक से सुरक्षा के उपाय करने की मांग की है।