उत्तराखंड मौसम अपडेट
उत्तराखंड: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अब करवट लेने लगा है। लंबे समय से लगातार बरस रहे झमाझम बारिश के बाद अब मॉनसून अलविदा कहने की तैयारी में है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक सप्ताह के भीतर राज्य से मॉनसून की विदाई हो सकती है। हालांकि, विदाई से पहले यह एक बार फिर पहाड़ों में हल्की फुहारें बरसाकर ठंडक का संदेश दे जाएगा।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, 23 सितंबर तक प्रदेश में व्यापक बारिश की संभावना नहीं है। ज्यादातर जिलों में धूप खिलेगी और मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून और नैनीताल जिलों में हल्की बारिश और आंशिक बादलों की संभावना बनी रहेगी।
गर्मी का अहसास, लेकिन अल्पकालिक
रविवार को देहरादून समेत कई इलाकों में दिनभर धूप खिली रही। राजधानी का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा है। बारिश थमने से पिछले दो दिन से गर्मी बढ़ी है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि यह गर्मी ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं। जल्द ही ठंडी सुबहें दस्तक देने वाली हैं।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे में हिमाचल प्रदेश से मॉनसून की आधिकारिक विदाई हो सकती है। इसके बाद उत्तराखंड में भी एक हफ्ते के भीतर यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। फिलहाल मॉनसून कमजोर पड़ गया है, लेकिन जाते-जाते यह एक बार फिर ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश कर सकता है।
ठंड का आगाज
मॉनसून के विदा होते ही पहाड़ों में सुबह-शाम हल्की ठंडक और सर्द हवाओं की आमद शुरू हो जाएगी। यानी, अब गर्म कपड़े बाहर निकालने का वक्त करीब आ चुका है।
