हरिद्वार: रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के भभूतावाला बाग में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई। जिला अस्पताल में कार्यरत ड्राइवर ने अपनी लिव-इन पार्टनर पर लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी स्वयं को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मुकेश पुजारी पिछले लगभग 11 वर्षों से शिवलोक कॉलोनी में रहने वाली पिंकी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। पिंकी स्थानीय स्तर पर ब्यूटी पार्लर चलाती थी और दोनों की एक आठ साल की बेटी भी है। मुकेश की पहली शादी भी हो चुकी थी और उससे दो पुत्र हैं जो अलग रहते हैं।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब तीन बजे मुकेश पिंकी के घर पहुँचा। किसी बात को लेकर दोनों में बहस हो गई। बहस के दौरान मुकेश ने लोहे की रॉड से पिंकी पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के तुरंत बाद मुकेश ने रानीपुर कोतवाली जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।
एसपी सिटी पंकज गैरोला और एएसपी निशा यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी प्राप्त की। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि आरोपी को अपनी पार्टनर के चरित्र को लेकर शक था, जिसके चलते दोनों के बीच विवाद होता था। आशंका जताई जा रही है कि इसी शक ने इस दुखद घटना को जन्म दिया।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी से पूछताछ के साथ-साथ गहन जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जाएगी ताकि तथ्य सामने आ सकें।
