नैनीताल: शहर में मंगलवार शाम लगने वाले चंद्रग्रहण को लेकर उत्साह का माहौल है। Aryabhatta Research Institute of Observational Sciences (एरीज) इस खगोलीय घटना का सीधा प्रसारण अपने यूट्यूब चैनल के माध्यम से करेगा, ताकि लोग घर बैठे भी इसे देख सकें।
एरीज साइंस सेंटर प्रभारी डॉ. वीरेंद्र यादव ने बताया कि आम नागरिकों के लिए संस्थान परिसर में शाम छह बजे से ग्रहण देखने की विशेष व्यवस्था की गई है। खगोल विज्ञान में रुचि रखने वाले लोग प्रत्यक्ष रूप से भी इस अद्भुत दृश्य का आनंद ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पूर्ण चंद्रग्रहण के दौरान सूर्य का कुछ प्रकाश पृथ्वी के वायुमंडल से गुजरकर चंद्रमा तक पहुंचता है। इस प्रक्रिया में नीला और बैंगनी रंग अधिक बिखर जाता है, जबकि लाल और नारंगी रंग कम बिखरते हैं। यही कारण है कि ग्रहण के समय चंद्रमा गहरे लाल रंग का दिखाई देता है, जिसे आम तौर पर ‘ब्लड मून’ कहा जाता है।
नैनीताल में शाम 6:15 बजे से आंशिक चंद्रग्रहण देखा जा सकेगा। ग्रहण अवधि के दौरान मां नयना देवी मंदिर, पाषाण देवी मंदिर और हनुमानगढ़ी मंदिर के कपाट भी बंद रहेंगे।
